Kushabhau Thakre Patrakarita: केटीयू के कुलपति की डिप्टी सीएम अरुण साव से भेंट, विश्वविद्यालय के विकास और युवा सशक्तिकरण पर हुई अहम चर्चा

रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू) के कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने मंगलवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास, आधुनिक शिक्षा, आधारभूत संरचना के विस्तार और युवा सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील शर्मा भी उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय के विकास के लिए मांगा सहयोग
बैठक के दौरान कुलपति प्रो. दयाल ने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर का उत्कृष्ट संस्थान बनाने के लिए राज्य सरकार से सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने भवन निर्माण, शैक्षणिक अधोसंरचना के विस्तार, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों के लिए सुविधाओं के विकास, नए छात्रावास और अत्याधुनिक मीडिया लैब की स्थापना का प्रस्ताव रखा।
एआई और डेटा जर्नलिज्म जैसे नए पाठ्यक्रम होंगे शुरू
कुलपति ने बताया कि बदलते डिजिटल दौर को देखते हुए विश्वविद्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा जर्नलिज्म, क्षेत्रीय भाषा पत्रकारिता सहित कई रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। साथ ही उद्योगों के साथ एमओयू कर छात्रों के लिए इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
प्रवेश सीटें बढ़ाने और खेल सुविधाओं पर जोर
प्रो. दयाल ने कहा कि प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को उच्च शिक्षा का अवसर देने के लिए विश्वविद्यालय में प्रवेश सीटें बढ़ाने की योजना है। इसके साथ ही खेल मैदान, जिम और अंतर-विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है, ताकि छात्रों का शारीरिक और मानसिक विकास सुनिश्चित किया जा सके।
‘नशा मुक्त युवा, सशक्त छत्तीसगढ़’ अभियान पर विशेष जोर
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने युवा पीढ़ी को नशे और दिशाहीनता से बचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने “नशा मुक्त युवा, सशक्त छत्तीसगढ़” अभियान के तहत विश्वविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, काउंसलिंग सेल और करियर मार्गदर्शन केंद्र शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा देना समाज और शासन की साझा जिम्मेदारी है।
हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
बैठक के अंत में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय को छत्तीसगढ़ की अग्रणी शैक्षणिक पहचान बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय आधुनिक शिक्षा, शोध और कौशल विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
