Farzi IAS: 100 करोड़ की संपत्ति का दावा, फर्जी IAS गिरफ्तार, टेस्ला कार, विदेशी शराब और हिरण के सींग बरामद

खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने खुद को IAS अधिकारी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का अंडरकवर एजेंट बताने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामला गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार का है, जहां शनिवार रात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मनीष कुमार गुप्ता के घर पर छापेमारी की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के घर से भारत सरकार का बोर्ड लगी दो गाड़ियां, 23 क्रेडिट कार्ड, आठ डेबिट कार्ड, विदेशी शराब, आईफोन और बारहसिंघा के सींग समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास करीब 100 करोड़ रुपये की संपत्ति होने का भी दावा किया है। हालांकि, संपत्ति से जुड़े इन दावों की विस्तृत जांच अभी जारी है।
घर के बाहर खड़ी मिली टेस्ला और सफारी
खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर डीआईयू, गोगरी डीएसपी चंदन ठाकुर और गोगरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस टीम जब जमालपुर बाजार स्थित आरोपी के घर पहुंची तो बाहर दो वाहन खड़े मिले। इनमें एक काले रंग की टेस्ला इलेक्ट्रिक कार और दूसरी सफेद रंग की सफारी थी। दोनों वाहनों पर ‘भारत सरकार’ लिखा बोर्ड लगा हुआ था।
पूछताछ के दौरान मनीष कुमार गुप्ता ने दोनों वाहनों को अपना बताया, लेकिन पुलिस के अनुसार वह गाड़ियों पर भारत सरकार का बोर्ड लगाए जाने को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
खुद को IAS और अंडरकवर एजेंट बताता था
पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान मनीष घर के बाहर मिला। उसने खुद को IAS अधिकारी बताया और मोबाइल फोन में कथित पहचान पत्र भी दिखाया। पुलिस ने इस पहचान पत्र का प्रिंटआउट जब्त कर लिया है।
आरोपी ने खुद को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का अंडरकवर एजेंट होने का दावा भी किया। हालांकि, पुलिस के प्रारंभिक सत्यापन में यह दावा फर्जी पाया गया।
23 क्रेडिट और 8 डेबिट कार्ड बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को आरोपी के घर से अलग-अलग बैंकों और कंपनियों के 23 क्रेडिट कार्ड और करीब 8 डेबिट कार्ड मिले। इसके अलावा चार अलग-अलग बैंकों की चेकबुक भी बरामद की गई हैं।
पुलिस ने घर में लगे 11 सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, इन सभी सामान और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
बारहसिंघा के सींग और 31 लीटर विदेशी शराब मिली
पुलिस ने घर से बारहसिंघा के दो सींग भी बरामद किए हैं। इनके संबंध में वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
एसपी के अनुसार, घर से करीब 31 लीटर महंगी विदेशी शराब और पांच Apple iPhone भी बरामद किए गए हैं। पुलिस बरामद सामान की विस्तृत सूची तैयार कर रही है।
100 करोड़ की संपत्ति का पुलिस ने किया दावा
एसपी के मुताबिक, आरोपी पर लोगों को धौंस दिखाकर और कथित तौर पर ठगी के जरिए संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि मनीष कुमार गुप्ता के पास करीब 100 करोड़ रुपये की संपत्ति हो सकती है।
हालांकि, संपत्ति की वास्तविक कीमत और उसके स्रोत का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
आर्थिक अपराध अनुसंधान इकाई की टीम करेगी जांच
पुलिस ने मामले की आर्थिक पहलुओं से जांच के लिए पटना से आर्थिक अपराध अनुसंधान इकाई की टीम बुलाने की बात कही है। पुलिस आरोपी की संपत्ति, बैंक खातों, वाहनों, दस्तावेजों और अन्य बरामद सामान की जांच करेगी।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
