छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री होगी फिल्म ‘हनुमान अंश’, राज्यपाल, सीएम और विधानसभा अध्यक्ष ने देखी फिल्म

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस दौरान राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष ने भी फिल्म का अवलोकन किया।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं पर आधारित ऐसी फिल्में नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने फिल्म के माध्यम से भारतीय मूल्यों और आध्यात्मिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री किए जाने से दर्शकों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद फिल्म को प्रदेश में दर्शकों तक और व्यापक पहुंच मिलने की संभावना है।
