गौरतलब न्यूज

हर खबर की तह तक

रायपुर में कांग्रेस नेता से 25 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

raipur-congress-leader-anand-kukreja-extortion-case-shoaib-dhebar-detained
raipur-congress-leader-anand-kukreja-extortion-case-shoaib-dhebar-detained

रायपुर: कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने पूर्व महापौर एजाज ढेबर का भतीजा शोएब ढेबर को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान एक युवक से पूछताछ में शोएब ढेबर का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पुलिस अधिकारियों की टीम ने शनिवार देर रात मेमन समाज के एक कार्यक्रम से शोएब ढेबर को हिरासत में लिया और थाने लेकर पहुंची। फिलहाल पुलिस उससे मामले में कथित भूमिका और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

धमकी भरे कॉल के जरिए मांगी गई थी 25 करोड़ की रंगदारी

पुलिस के अनुसार, कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर धमकी भरा फोन किया गया था। कॉल के जरिए कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। जांच में पुलिस को पता चला कि धमकी देने के लिए नए मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया था। मामले में पुलिस ने रंगदारी से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने जांजगीर-चांपा के एक युवक को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, युवक ने करीब 5 हजार रुपये लेकर धमकी भरा फोन करने की बात सामने आई है। पूछताछ के दौरान युवक से मिली जानकारी के आधार पर शोएब ढेबर का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने की कथित साजिश में शोएब ढेबर की क्या भूमिका थी और इस मामले में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े थे। मध्य क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त, तेलीबांधा थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस उसके मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित तौर पर धमकी देने वाले युवक को पैसे किस माध्यम से मिले और धमकी के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन तथा सिम कार्ड की व्यवस्था किसने की थी।

एजाज ढेबर से 50 करोड़ की कथित रंगदारी का मामला भी जांच के दायरे में

पुलिस की जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि शोएब ढेबर, पूर्व महापौर एजाज ढेबर का भतीजा है। इससे पहले एजाज ढेबर से भी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह और अमन साव गिरोह के नाम पर कथित तौर पर 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में एजाज ढेबर की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। अब पुलिस दोनों मामलों के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।

शोएब ढेबर के खिलाफ पहले भी हुई है पुलिस कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, शोएब ढेबर के खिलाफ पहले भी अलग-अलग मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। सितंबर 2024 में तेलीबांधा थाना पुलिस ने जूक क्लब में हुए विवाद और मारपीट के मामले में उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद अगस्त 2025 में गंज थाना पुलिस ने जेल के मुलाकात कक्ष में बिना अनुमति प्रवेश करने और जेल प्रहरी से विवाद के मामले में भी उसे गिरफ्तार किया था।

फिलहाल 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी के मामले में पुलिस शोएब ढेबर से पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *