अमित जोगी का विवादित वीडियो डिलीट, PM मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त पर टिप्पणी को लेकर मांगी माफी; BJP नेता की शिकायत पर FIR

Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजनीति में अमित जोगी का एक विवादित वीडियो चर्चा का विषय बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को लेकर सांकेतिक शादी और हनीमून का दृश्य दिखाने वाले वीडियो पर विवाद खड़ा हो गया। वीडियो को लेकर भाजपा नेताओं ने रायपुर में थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने वीडियो डिलीट कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।
अमित जोगी ने माफी में क्या कहा?
विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने अपनी पोस्ट में कहा कि जिस मुद्दे को लेकर वह अपनी बात रखना चाहते थे, उनका संदेश अब भी वही है, लेकिन उसे पेश करने का तरीका उचित नहीं था।
उन्होंने माना कि राजनीतिक विरोध और व्यंग्य के नाम पर किसी के निजी स्पेस को इस तरह प्रस्तुत करना सही नहीं है। इसी वजह से उन्होंने पोस्ट हटाने का फैसला किया। साथ ही, जिन लोगों की भावनाएं आहत हुईं, उनसे सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगी। उन्होंने यह भी कहा कि व्यवस्था के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा, लेकिन आगे अपनी बात अधिक सभ्य तरीके से रखने की कोशिश करेंगे।
वोट चोरी के मुद्दे पर बनाया था वीडियो
मामले की शुरुआत कथित वोट चोरी के मुद्दे से हुई। अमित जोगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर राजनीतिक कटाक्ष करते हुए सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक वीडियो साझा किया था।
वीडियो में दोनों के प्रतीकात्मक किरदारों को शादी और हनीमून के दृश्यों के माध्यम से दिखाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद इस पर सोशल मीडिया में प्रतिक्रियाएं आने लगीं और राजनीतिक विवाद गहरा गया।
BJP नेताओं ने सिविल लाइंस थाने में की शिकायत
इस वीडियो पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई। रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में भाजपा नेता रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचे और अमित जोगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
भाजपा नेताओं ने वीडियो को प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त की गरिमा से जुड़ा मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की। शिकायत में वीडियो की पटकथा तैयार करने, शूटिंग करने और उसमें भूमिका निभाने वालों के संबंध में भी कार्रवाई की मांग उठाई गई।
अमित जोगी के खिलाफ FIR दर्ज
शिकायत के बाद अमित जोगी के खिलाफ FIR दर्ज होने की खबर सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, FIR में दर्ज धाराओं की आधिकारिक जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।
इस पूरे घटनाक्रम में एक तरफ अमित जोगी वीडियो हटाकर सार्वजनिक माफी मांग चुके हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई आगे बढ़ रही है। अब मामले की जांच और पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

