बालको प्लांट में चोरी का ऐसा जुगाड़! कमर से सीने तक लपेटा 49 KG कॉपर वायर, ऐसे खुली पोल
- बालको प्लांट में चोरी का अनोखा जुगाड़!
Korba Balco Plant Theft News: छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित बालको एल्युमिनियम प्लांट में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दो युवकों ने करीब 49 किलो तांबे के तार को कमर से सीने तक अपने शरीर पर लपेट लिया और ऊपर से कपड़े पहनकर उसे छिपा लिया। दोनों को लगा कि उनकी यह तरकीब किसी की नजर में नहीं आएगी और वे आसानी से प्लांट से बाहर निकल जाएंगे। लेकिन मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया। तलाशी में दोनों के शरीर से 49.280 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कपड़ों के नीचे छिपाया 49 किलो कॉपर वायर
मामला 15 और 16 नवंबर 2026 की दरमियानी रात का है। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवकों ने बालको प्लांट के CH-04 के सामने खुले में रखे केबल ड्रम से कॉपर वायर काटा था। इसके बाद उन्होंने केबल का प्लास्टिक कवर हटाकर अंदर मौजूद तांबे के तार को अलग किया।
आरोपियों ने तार को कमर से लेकर सीने तक अपने शरीर पर लपेट लिया। इसके ऊपर सामान्य कपड़े पहन लिए, ताकि बाहर निकलते समय किसी को शक न हो। इस तरह करीब 49 किलो कॉपर वायर को शरीर पर छिपाकर प्लांट से बाहर ले जाने की कोशिश की गई।
मुख्य गेट पर सुरक्षाकर्मियों को हुआ शक, तलाशी में खुला राज
दोनों युवक जब प्लांट के प्रोजेक्ट गेट से बाहर निकलने लगे, तब वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों संदीप श्रीवास्तव और मुकेश बरेठ को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद दोनों की जांच और तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कपड़ों के भीतर शरीर पर लिपटा कॉपर वायर मिला। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल दोनों युवकों को पकड़कर बालकोनगर पुलिस के हवाले कर दिया। इस तरह चोरी की पूरी योजना गेट पर ही पकड़ी गई।
49.280 किलो तांबा, कीमत करीब 49,280 रुपये
पुलिस ने बरामद कॉपर वायर का इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराया। इसका कुल वजन 49.280 किलोग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 49,280 रुपये बताई गई है। चोरी की गई केबल AIFL कंपनी की बताई गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से केबल का कटा हुआ हिस्सा और पास की इमारत की छत से निकाला गया प्लास्टिक कवर भी बरामद किया। इसके अलावा आरोपियों के पास से कटर और हेक्सा ब्लेड भी जब्त किए गए हैं।
रविवार को कम कर्मचारियों की मौजूदगी का उठाना चाहते थे फायदा
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने रविवार को कर्मचारियों की कम मौजूदगी का फायदा उठाने की योजना बनाई थी। आरोप है कि ड्यूटी पर नहीं होने के बावजूद दोनों गेट पास कार्ड के जरिए प्लांट के भीतर दाखिल हुए।
इसके बाद सुनसान जगह देखकर केबल ड्रम से तार काटा और उसे शरीर पर लपेटकर कपड़ों के नीचे छिपा लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने पूछताछ में मिलकर चोरी की योजना बनाने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
भीम मल्लाह और नरेश कुमार कंवर गिरफ्तार
इस मामले में आरोपियों की पहचान भीम मल्लाह (23 वर्ष), निवासी पथरीपारा और नरेश कुमार कंवर (21 वर्ष), निवासी भटगांव उपरपारा के रूप में हुई है।
बालको प्लांट के सुरक्षा अधिकारी मनीष विश्वास की शिकायत पर बालकोनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 3(5) और 61(2) के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
इस घटना में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपी कथित तौर पर गेट पास कार्ड के जरिए प्लांट के भीतर कैसे दाखिल हुए और केबल ड्रम तक उनकी पहुंच कैसे हुई? पुलिस इस मामले में गेट पास के दुरुपयोग और प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
फिलहाल सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से करीब 49 किलो कॉपर वायर बाहर जाने से पहले ही बरामद कर लिया गया।

