lizard found in the food in the college canteen : कॉलेज कैंटीन के खाने में निकली छिपकली, स्टाफ ने खाकर कहा- ये शिमला मिर्च है।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) का मामला है। दरअसल, विश्वविद्यालय के कैंटीन के खाने में छिपकली निकली, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है। खबर सामने आने के बाद विश्वविद्यालय विवाद में आ गया है।
छात्रों ने कैंटीन के खाने में छिपकली मिलने का आरोप लगाया है। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि यह मामला 18 मार्च का है। इस दिन गांधीनगर स्थित कैंपस में कुछ छात्र कैंटीन में खाना खाने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान छात्रों ने सब्जी में एक मरी हुई छिपकली देखी, जिसकी शिकायत उन्होंने वहां मौजूद कैंटीन के कर्मचारियों से की। सबसे हैरानी वाली बात यह है कि कर्मचारी ने उस संदिग्ध टुकड़े को उठाकर कहने लगा यह तो शिमला मिर्च और खा गया।
विश्वविद्यालय के छात्रों का कहना है कि जब उन्होंने कैंटीन कर्मचारी को इसके बारे में बताया, तो उसने उस संदिग्ध टुकड़े को उठाकर खुद खा लिया और दावा किया कि वह शिमला मिर्च का टुकड़ा है। लेकिन छात्रा ने कहा कि उसका कुछ हिस्सा प्लेट में बचा रह गया, जिससे उनकी आशंका और बढ़ गई।
छात्रों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह प्रतिक्रिया दे रहे हैं। लोगों के विश्वविद्यालय की कैंटीन व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। छात्रों का कहना है कि वह कर्मचारी के व्यवहार से डर गए थे, कोई खुद को सही साबित करने के लिए ऐसी चीज कैसे खा सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने जांच के लिए एक समिति गठित की है। संस्थान के निदेशक सुधीर भदौरिया ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है। अगर जांच में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
