रायपुर से अंबिकापुर तक लोहा कारोबारियों के ठिकानों पर IT की दबिश, छह जिलों में एक साथ छापेमारी
- लोहा कारोबारियों पर IT की रेड
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए लोहा, स्टील और निर्माण कारोबार से जुड़े कारोबारी समूहों के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सरगुजा और सूरजपुर में आयकर विभाग की टीमें पहुंचीं। सुबह-सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई से प्रदेश के कारोबारी जगत में हलचल मच गई है।
जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीमें कारोबारियों के आवास, कार्यालय और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर दस्तावेजों, बही-खातों, कंप्यूटर रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही हैं। शुरुआती रिपोर्टों में यह कार्रवाई कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी सूचनाओं के आधार पर किए जाने की बात कही गई है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक कार्रवाई के कारणों और जांच के निष्कर्षों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
PRA ग्रुप और बर्बरीक कंपनी के ठिकाने जांच के दायरे में
राजधानी रायपुर में PRA ग्रुप से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी। खम्हारडीह स्थित बनियान ट्री सोसाइटी में कारोबारी प्रहलाद राय अग्रवाल और महेश राय अग्रवाल के आवास पर जांच की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा तेलीबांधा क्षेत्र में PRA ग्रुप के कार्यालय में भी अधिकारियों ने दस्तावेजों की पड़ताल की।
PRA ग्रुप से जुड़ी बर्बरीक कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठिकाने भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं। अधिकारियों की टीमें कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।
बिलासपुर में जयप्रकाश मित्तल के घर और प्रतिष्ठानों पर छापा
बिलासपुर में बड़े लोहा कारोबारी जयप्रकाश (जेपी) मित्तल के ठिकानों पर भी आयकर विभाग ने कार्रवाई की। टीम तीन गाड़ियों में विद्या नगर स्थित उनके आवास ‘प्रकाश पुंज’ पहुंची। इसके साथ ही व्यापार विहार स्थित मित्तल स्टील इस्पात और स्टीलमार्ट के कार्यालयों तथा हनुमान हार्डवेयर स्टोर में भी जांच की गई।
अधिकारियों की ओर से कारोबारी दस्तावेजों की जांच और पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
रायगढ़ में बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात पर कार्रवाई
रायगढ़ में आयकर विभाग ने रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों के ठिकानों पर दबिश दी। बुधवार सुबह करीब पांच बजे अधिकारियों की टीमें संबंधित परिसरों में पहुंचीं। बर्बरीक हाउस समेत कई स्थानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप के बीच कारोबारी संबंधों को ध्यान में रखते हुए भी जांच की जा रही है।
अंबिकापुर में बर्बरीक कंस्ट्रक्शन के कार्यालय और आवास पर जांच
सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में भी आयकर विभाग की कार्रवाई हुई। यहां PRA ग्रुप से संबद्ध बर्बरीक कंस्ट्रक्शन कंपनी के कार्यालय और मनेंद्रगढ़ रोड स्थित रमेशचंद्र अग्रवाल के निवास पर टीम पहुंची। अधिकारियों ने दोनों जगह जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की मौजूदगी भी रही।
सूरजपुर और जांजगीर-चांपा तक पहुंची कार्रवाई
आयकर विभाग की छापेमारी का दायरा सूरजपुर और जांजगीर-चांपा तक भी पहुंचा। सूरजपुर में PRA ग्रुप के कार्यालय और साकेत प्रोडक्ट्स एंड रोलिंग मिल से जुड़े परिसर में जांच की जानकारी सामने आई है। वहीं, जांजगीर-चांपा में भी विभाग की टीमों ने दबिश दी है।
दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल, आधिकारिक खुलासे का इंतजार
छह जिलों में एक साथ हुई इस कार्रवाई में आयकर विभाग की टीमें कारोबारी रिकॉर्ड, आय-व्यय के ब्योरे और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छापेमारी के दौरान कितनी नकदी, संपत्ति या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं।
आयकर विभाग की ओर से जांच के नतीजों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्रवाई में किन वित्तीय अनियमितताओं का पता चला है। फिलहाल प्रदेश के कारोबारियों की नजरें इस बड़ी कार्रवाई के अगले खुलासों पर टिकी हैं।

