Sonia Gandhi की किताब पर महाराष्ट्र में बवाल! शिवसेना ने फाड़ी प्रतियां, वीर सावरकर के अपमान का आरोप; बैन लगाने की मांग
सोनिया गांधी की किताब पर बवाल!
Sonia Gandhi Book Controversy: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने किताब में वीर सावरकर और हिंदुत्व को लेकर लिखी गई टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई है। मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना नेताओं ने किताब की प्रतियां फाड़कर विरोध जताया और महाराष्ट्र में इसकी बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।
मुंबई: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की नई किताब अब राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गई है। उनकी आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ में स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर और हिंदुत्व को लेकर की गई टिप्पणियों पर महाराष्ट्र में सियासी घमासान शुरू हो गया है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने आरोप लगाया है कि किताब में वीर सावरकर के साथ मराठी अस्मिता का भी अपमान किया गया है।
बुधवार, 18 नवंबर को मुंबई में शिवसेना नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर किताब के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय निरुपम, शाइना एनसी और अन्य नेताओं ने किताब की प्रतियां फाड़ीं। शिवसेना ने प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से विवादित अंश हटाने और महाराष्ट्र में किताब के वितरण पर रोक लगाने की मांग की है।
किताब के दो पन्नों पर सबसे ज्यादा विवाद
शिवसेना नेताओं की आपत्ति मुख्य रूप से किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखी गई टिप्पणियों को लेकर है।
पेज नंबर 201 पर सोनिया गांधी ने ब्रिटिश शासन के दौरान कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष का उल्लेख करते हुए लिखा है कि जब कांग्रेस के नेता अंग्रेजों के अत्याचार और जेल की सजा झेल रहे थे, तब आरएसएस के वरिष्ठ विचारक विनायक दामोदर सावरकर अंग्रेजी हुकूमत के सामने दया याचिकाएं लिख रहे थे।
वहीं, पेज नंबर 443 पर सावरकर को हिंदुत्व विचारधारा का संस्थापक बताते हुए उनके विचारों की व्याख्या की गई है। इसमें हिंदुत्व की उस अवधारणा का उल्लेख है, जिसमें भारत को मुख्य रूप से हिंदुओं का सर्वोच्चता वाला राष्ट्र माना जाता है। किताब में इस विचारधारा को आरएसएस, बीजेपी और संघ परिवार से भी जोड़ा गया है।
इन्हीं टिप्पणियों को लेकर शिवसेना ने कड़ा विरोध जताया है। पार्टी का आरोप है कि इन अंशों के जरिए सावरकर की ऐतिहासिक भूमिका और उनके योगदान को गलत तरीके से पेश किया गया है।
संजय निरुपम बोले- यह ‘जर्नी ऑफ लव’ नहीं, ‘जर्नी ऑफ हेट’
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने सोनिया गांधी की किताब पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस किताब का नाम ‘Belonging: A Journey of Love’ नहीं, बल्कि ‘A Journey of Hate’ होना चाहिए था।
निरुपम ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में वीर सावरकर के प्रति नफरत प्रदर्शित की है। उन्होंने कहा कि सावरकर महाराष्ट्र के गौरव और देश के महान क्रांतिकारी थे। उनके योगदान को इस तरह प्रस्तुत करना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
निरुपम ने शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उद्धव ठाकरे ने सोनिया गांधी की किताब की प्रति स्वीकार की, तो क्या वह सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों का समर्थन करते हैं?
उन्होंने कहा कि शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे ने हमेशा सावरकर के सम्मान के लिए आवाज उठाई थी। ऐसे में उद्धव ठाकरे को भी इस विवाद पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
शाइना एनसी ने हार्पर कॉलिन्स से की किताब के पन्ने हटाने की मांग
शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी ने भी सोनिया गांधी की किताब पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से पेज नंबर 201 और 443 को हटाने की मांग की।
शाइना ने कहा कि वीर सावरकर हिंदुत्व की विचारधारा की आत्मा हैं और उनका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर महाराष्ट्र के महापुरुषों और नेताओं का अपमान करने का आरोप भी लगाया।
शिवसेना नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक विवादित अंशों में संशोधन नहीं किया जाता, तब तक महाराष्ट्र में किताब के वितरण पर रोक लगाई जानी चाहिए।
उद्धव ठाकरे की चुप्पी पर भी उठाए सवाल
इस विवाद में शिवसेना ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी उद्धव ठाकरे को भी घेरने की कोशिश की है। संजय निरुपम और शाइना एनसी ने सवाल उठाया कि उद्धव ठाकरे खुद को बालासाहेब ठाकरे की राजनीतिक विरासत का उत्तराधिकारी बताते हैं, लेकिन सोनिया गांधी की किताब में सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों पर उनकी प्रतिक्रिया क्या है?
शिवसेना नेताओं ने पुराने विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि बालासाहेब ठाकरे ने भी सावरकर के अपमान के खिलाफ कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के विरोध में प्रदर्शन किया था।
कांग्रेस ने किया पलटवार, पवन खेड़ा बोले- किताब पढ़ी भी है?
शिवसेना की मांग पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया है। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने दिल्ली में प्रतिक्रिया देते हुए संजय निरुपम की मांग पर सवाल उठाया।
उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि क्या निरुपम ने पूरी किताब पढ़ी है? उन्होंने कहा कि इस किताब का एक फायदा यह हुआ है कि जो लोग कभी किताब नहीं पढ़ते थे, वे भी अब इसे पढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा कि सोनिया गांधी ने किताब में तथ्यों को प्रस्तुत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस हमेशा कांग्रेस को अपने रास्ते की बाधा मानता रहा है।
10 नवंबर को प्रकाशित हुई थी सोनिया गांधी की किताब
सोनिया गांधी की 544 पन्नों की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने प्रकाशित किया है। यह किताब 10 नवंबर 2026 को पाठकों के लिए उपलब्ध हुई थी, जबकि इसका औपचारिक विमोचन 16 नवंबर को नई दिल्ली में किया गया।
इस आत्मकथा में सोनिया गांधी ने इटली में अपने बचपन, राजीव गांधी से विवाह, भारतीय राजनीति में प्रवेश, परिवार और कांग्रेस के राजनीतिक सफर से जुड़े कई महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए हैं।
फिलहाल सावरकर पर की गई टिप्पणियों ने इस किताब को महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़े विवाद का विषय बना दिया है। अब देखना होगा कि प्रकाशक विवादित अंशों पर कोई बदलाव करता है या यह मामला आने वाले दिनों में और राजनीतिक तूल पकड़ता है।

