PM मोदी की हत्या की साजिश का खुलासा, अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA को भेजा प्रस्ताव, 22 दिन का मांगा था समय, बिहार से 3 आरोपी गिरफ्तार।

Crime News बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जानलेवा हमले की साजिश रचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, पुलिस ने इस मामले में 22 वर्षीय अमन तिवारी को गिरफ्तार किया है, पूरे घटनाक्रम की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि अमन तिवारी ने इस साजिश के लिए अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए को प्रस्ताव भेजा था, उसने इसके बदले मोटी रकम की मांग की थी, साथ ही साजिश को अंजाम देने के लिए 22 दिन का समय भी मांगा था, यह जानकारी मिलते ही खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
खुफिया सूचना के आधार पर बक्सर और डुमरांव पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की, टीम ने अमन के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया, तलाशी के दौरान अमन के कमरे से लैपटॉप और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं, इन उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है। उसकी निशानदेही पर दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया, सभी आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है, और भी बड़े खुलासे के कयास लगाए जा रहे है।

आपको बता दे कि जांच में यह भी सामने आया है कि अमन तिवारी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, वर्ष 2022 में उसने कोलकाता एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची थी, उस दौरान वह विदेशी संपर्कों में भी आया था, हालांकि समय रहते कोलकाता पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। नाबालिग होने के कारण वह कड़ी कार्रवाई से बच गया था।
फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि वह अकेले काम कर रहा था या किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा था। साइबर एंगल से भी जांच की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी पड़ताल जारी है। आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं, इस घटना ने पूरे बिहार के साथ देशभर में हलचल मचा दी है।
