Ratan Lal Dangi IPS Suspension आईजी रतन लाल डांगी पर गिरी गाज, आपत्तिजनक फोटो वायरल होने के बाद निलंबित।

रायपुर। IG रतन लाल डांगी को पुलिस विभाग से निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया में उनके आपत्तिजनक फोटो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है।
आरोप है कि पुलिस विभाग में वरिष्ठ अधिकारी के गरिमापूर्ण पद पर रहते हुए उन्होंने पद के अनुरूप आचरण का प्रदर्शन नहीं किया। उनके द्वारा अशोभनीय एवं नैतिकता के प्रतिकूल आचरण, पद के प्रभाव का दुरुपयोग तथा स्थापित सांस्कृतिक मानकों का उल्लंघन किए जाने के आरोप लगे हैं।
सरकार के अनुसार, सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित गतिविधियों ने पुलिस विभाग की साख को नुकसान पहुंचाया है। इसी के मद्देनज़र तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया गया है और पूरे प्रकरण की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि संबंधित अधिकारी का आचरण उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं था। उन पर नैतिकता और सेवा नियमों के उल्लंघन के साथ-साथ पद के प्रभाव के दुरुपयोग के आरोप भी सामने आए हैं। मामले को गंभीर मानते हुए शासन ने अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम, 1968 के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
निलंबन अवधि के दौरान रतन लाल डांगी का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा और बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
