गौरतलब न्यूज

हर खबर की तह तक

Amit Thackeray FIR: PM मोदी की तस्वीर हटाने पर अमित ठाकरे के खिलाफ FIR, बोले- ‘मुझे गर्व है’; BJP ने बताया राजनीतिक अपरिपक्वता

Amit Thackeray FIR
Amit Thackeray FIR

Amit Thackeray FIR: पुणे के शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटाने के आरोप में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) नेता अमित ठाकरे और उनके समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। अमित ठाकरे ने कार्रवाई पर कहा कि उन्हें इस FIR पर गर्व है, जबकि भाजपा ने उनकी कार्रवाई को राजनीतिक अपरिपक्वता बताया है।

क्या है पूरा मामला?

अमित ठाकरे सोमवार को मनसे के सदस्यता अभियान के सिलसिले में पुणे के शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने अपने करीब 25 समर्थकों से कॉलेज कार्यालय की दीवार पर लगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटाने को कहा। बताया गया है कि कार्यालय की दीवार पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तस्वीरें भी लगी थीं। कॉलेज के एक अधिकारी की शिकायत पर चतुर्श्रृंगी पुलिस थाने में अमित ठाकरे और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बिना अनुमति कार्यालय में प्रवेश करने, तस्वीर हटाने, कर्मचारियों को कथित तौर पर धमकाने और नारेबाजी व हंगामा करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

अमित ठाकरे ने क्या कहा?

FIR दर्ज होने के बाद अमित ठाकरे ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटवाई थी, क्योंकि वह छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ.बाबा साहेब आंबेडकर की तस्वीरों के ठीक बगल में लगी थी। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक करियर में दर्ज पहला पुलिस मामला छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े आंदोलन के कारण हुआ था। अमित ठाकरे के मुताबिक, अगर दूसरा मामला भी शिवाजी महाराज और बाबा साहेब आंबेडकर के सम्मान के लिए दर्ज हुआ है, तो उन्हें इस पर गर्व है।

BJP ने क्या कहा?

भाजपा नेता गणेश बिडकर ने अमित ठाकरे की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक अपरिपक्वता बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अन्य महान हस्तियों की तस्वीरें लगाना निर्धारित प्रोटोकॉल का हिस्सा है। भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बान ने भी अमित ठाकरे की कार्रवाई की आलोचना की और उनके खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की मांग की थी।

दोबारा लगाई गई PM मोदी की तस्वीर

विवाद के बाद कॉलेज प्रशासन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को उसी स्थान पर दोबारा लगा दिया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *